Latest News

गांधी जयंती पर बोलानी खान में विविध कार्यक्रमों के साथ दी गई श्रद्धांजलि

Oct 02, 2025
Odishakhabar:

बोलानी, 2 october(स्वतंत्र प्रतिनिधि) - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ इस्पात नगरी बोलानी खान में भी विशेष आयोजन किए गए। स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड(SAIL) अंतर्गत सेंट्रल माइनिंग एंड लॉजिस्टिक ऑर्गेनाइजेशन (CMLO) अधिन बोलानी खान के  कमिटी के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय महात्मा गांधी पार्क में गांधी जयंती मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ बोलानी खान के मुख्य महाप्रबंधक श्री मल्ला श्रीनीवासु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बोलानी खान के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और राष्ट्रपिता को अपनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि का वक्तव्य

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री मल्ला श्रीनीवासु ने अपने संबोधन में कहा— “महात्मा गांधी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है। सत्य, अहिंसा और स्वच्छता उनके तीन ऐसे मूलमंत्र हैं जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता आंदोलन के समय थे। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश फैलाना चाहिए।” उन्होंने बच्चों को विशेष रूप से गांधी जी के आदर्शों को अपनाने और जीवन में ईमानदारी तथा सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

चित्रांकन प्रतियोगिता से बच्चों ने दिखाया हुनर

समारोह के प्रथम चरण में जवाहरलाल नेहरू रिक्रिएशन सेंटर में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने गांधी जी के जीवन, आदर्शों और स्वच्छ भारत के संदेश को अपने चित्रों में उतारा। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।

धर्मग्रंथ पाठ से गूंजी सद्भावना की वाणी

इसके पश्चात विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने अपने-अपने धर्मग्रंथों का पाठ कर आपसी एकता, भाईचारा और शांति का संदेश दिया। तत्पश्चात समिति की ओर से सभी धर्मगुरुओं को मुख्य अतिथि के हाथों उत्तरीय और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्वच्छ भारत अभियान का संकल्प

कार्यक्रम का समापन स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोग दुर्गा पूजा पंडाल की ओर प्रस्थान कर सफाई अभियान में शामिल हुए और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

सम्पूर्ण आयोजन को समिति के पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार दास एवं श्री दिलीप कुमार नायक ने सफलतापूर्वक संचालित किया।

Related Post