बोलानी, 12 जनवरी(स्वतंत्र प्रतिनिधि) – सीमांत बोलानी खान क्षेत्र में विवेकानंद जयंती पालन समिति की ओर से स्थानीय विवेकानंद चौक स्थित महान संन्यासी एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष उनकी 163वीं जयंती श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाई गई।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पमाल्यार्पण किया गया तथा दीप प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (रखरखाव) आनंद कुमार उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथि के रूप में महिला समिति की अध्यक्ष मल्ला उषाश्री शारदा एवं उपाध्यक्ष मनीषा कुमार ने भाग लिया। इसके अलावा महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) राहुराज मंडल, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) बुद्धदेव नायक, महाप्रबंधक (प्लांट) सौमेंद्र पटनायक, महाप्रबंधक (विद्युत) सारिफुद्दीन लस्कर, सिविल विभाग के प्रमुख संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर समिति की ओर से विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। मुख्य एवं सम्मानित अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के पश्चात समिति के सदस्यों, स्थानीय श्रमिक संगठनों के नेताओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों व विचारधारा को स्मरण किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन-दर्शन, युवाशक्ति पर उनका विश्वास तथा देशभक्ति आज की युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक अडिग रहो” — उनका यह संदेश युवाओं को नई दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व शिक्षक कुंदन सिंह ने किया। समिति के अध्यक्ष ताराशंकर मंडल, सचिव दिलीप कुमार नायक, शिवाशिष मुखार्जी, संजीव कुमार गांगुली सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। सभा के अंत में मिष्ठान्न वितरण किया गया।