बोलानी, 14 अप्रैल (स्वतंत्र संवाददाता) – अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कर्मचारी कल्याण संघ (सेवास्तंभ), बोलानी शाखा के तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम स्थानीय सेवास्तंभ कार्यालय के समक्ष स्थापित उनकी प्रतिमा के पास आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बोलानी खदान के मुख्य महाप्रबंधक मल्ला श्रीनिवासु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) आनंद कुमार, महिला समिति की उपाध्यक्ष मनीषा कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विजय केविन घोष, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) राहुराज मंडल तथा महाप्रबंधक (विद्युत) सैफुद्दीन लस्कर सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अतिथियों ने सर्वप्रथम डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और पुष्पांजलि अर्पण कर नमन किया। इस अवसर पर श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, खदान के अधिकारी, कर्मचारी, ठेका कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सेवास्तंभ बोलानी शाखा के अध्यक्ष निशाकर कारुआ ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। वहीं मुख्य अतिथि मल्ला श्रीनिवासु ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन सदस्य शाहिद अख्तर ने किया। इस अवसर पर सेवास्तंभ के पदाधिकारी नंद पूर्ति, कृष्णा बेहरा सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण सामाजिक समरसता, समानता और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा, जहां डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।