Latest News

सीमान्त क्षेत्र बोलानी में धूमधाम से मनाया गया ओडिशा दिवस

Apr 01, 2026
Odishakhabar:

बोलानी, 1 अप्रैल (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – सीमान्त क्षेत्र में ओड़िया कला, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से बोलानी में ओडिशा दिवस बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उत्कल दिवस पालन समिति की ओर से इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी तैयारियां एक माह पूर्व से ही शुरू हो गई थीं।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न वर्गों में निबंध, भाषण, संगीत, शंखवादन, सामान्य ज्ञान, चित्रांकन तथा महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर समिति के सचिव प्रशांत दास के नेतृत्व में एक विशाल प्रभात फेरी एवं शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें स्थानीय निवासी एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यह शोभायात्रा डीएवी बोलानी स्कूल से प्रारंभ होकर विवेकानंद चौक, जेएनआरसी, रवींद्रनाथ ठाकुर चौक, बस स्टैंड, गुरुद्वारा रोड, मस्जिद चौक होते हुए गोपबंधु चौक तक पहुंची।

गोपबंधु चौक पर मुख्य अतिथि बोलानी खदान के मुख्य महाप्रबंधक मल्ला श्रीनिवासु, सम्मानित अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (रखरखाव) आनंद कुमार, बसुंधरा के निदेशक वरिष्ठ नागरिक विवेकानंद नंदा,महिला समिति की सदस्यगण ,विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पश्चात बोलानी खदान मुख्य द्वार के समीप  बीजू पटनायक चौक पर महान नेता बीजू पटनायक की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।

मुख्य अतिथि मल्ला श्रीनिवासु ने अपने संबोधन में ओडिशा के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उत्कल दिवस पालन समिति के अध्यक्ष बुद्धदेव नायक, संयुक्त सचिव रूपक कुमार दास, सह सचिव शिवाशिष नंदा, सह सचिव के. शिव प्रसाद, कोषाध्यक्ष राजेंद्र खटुआ, लेखा परीक्षक दुशासन महांत, वार्षिक स्मरणिका ‘बनानी’ के सदस्य राजेंद्र नारायण साहू,  सदस्य अजय कुमार महांति, सत्यव्रत जेना, विजेंद्र मुंडा, बसंत गिरी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।

संयुक्त सचिव रूपक कुमार दास ने जानकारी दी कि सायंकाल सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

Related Post