बोलानी, 26 मार्च (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – बोलानी खदान द्वारा संचालित ओड़िया एवं हिंदी माध्यम के डीएवी बोलानी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘नवोत्सव’ स्थानीय जवाहरलाल नेहरू रिक्रिएशन सेंटर (जेएनआरसी) में बुधवार शाम भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष प्रभाकर महान्ति ने की।
इस अवसर पर बोलानी खदान के मुख्य महाप्रबंधक मल्ला श्रीनिवासु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथियों में महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) राहुलराज मंडल, उपमहाप्रबंधक (वित्त) सपन विश्वास, सहमहाप्रबंधक (सिविल एवं सीएसआर) संजीव कुमार, प्रबंधक (मानव संसाधन) गोपिबल्लभ कर, कनिष्ठ प्रवंधक(मानव संसाधन) संघमित्रा नायक , महिला समिति की अध्यक्ष उषा मल्ला, उपाध्यक्ष मनीषा कुमारी, पूनम भास्कर, रजनी कुमार सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष भर आयोजित सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों—जैसे वाद-विवाद, सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं अन्य प्रतिभाओं में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के अध्यक्ष प्रभाकर महान्ति ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश का उज्ज्वल भविष्य बनने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, शैक्षणिक नाटक एवं नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।