बोलानी, 4 अप्रैल (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – उपांत खनन क्षेत्र बोलानी से एक बड़ी और गर्व की खबर सामने आई है। प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर आशुतोष कुमार नाएक का चयन प्रतिष्ठित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए )अंडर-16 एलीट कैंप के लिए हुआ है।
आशुतोष को टीम-डी में शामिल किया गया है और वे जयपुर में आयोजित होने वाले इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह शिविर आगामी 11 मई से 6 जून तक चलेगा।
आशुतोष ने बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने कुल 8 पारियों में 320 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी इस निरंतरता और बेहतरीन बल्लेबाजी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।
खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित कैंप के लिए ओडिशा से केवल 3 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें केंदुझर जिले से आशुतोष एकमात्र खिलाड़ी हैं।
आशुतोष ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत बोलानी कोचिंग सेंटर से की थी। वे बोलानी के पूर्व क्रिकेटर संजय नाएक और नंदिनी नाएक के इकलौते पुत्र हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका जुनून, अनुशासन, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन आज इस मुकाम तक लेकर आया है।
इस उपलब्धि से पूरे बोलानी और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने आशुतोष और उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।