बोलानी, 18 अप्रेल (स्वतंत्र सवांददाता) – उपांत खनन क्षेत्र बोलानी खान टाउनशिप में रह रहे बंग भाषी समुदाय के सांस्कृतिक संगठन ‘बायमा’ के तत्वावधान में कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती के आयोजन को लेकर शुक्रवार संध्या जवाहरलाल नेहरू रिक्रिएशन सेंटर के पुस्तकालय में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नई कमेटी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक में बोलानी खदान के विद्युत विभाग के महाप्रबंधक सैफुद्दीन लस्कर को अध्यक्ष चुना गया। वहीं सिविल विभाग के प्रबंधक शौनभ सिकदार को उपाध्यक्ष, खदान कर्मचारी अभिलाष कर को सचिव तथा शिवाशीष मुखर्जी और प्रसून नाग को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कोषाध्यक्ष के रूप में दीपंकर सरकार एवं संजीव गंगोपाध्याय का चयन किया गया, जबकि लेखा परीक्षक के रूप में सुब्रत भट्टाचार्य को नियुक्त किया गया। कन्वीनर के तौर पर दिलीप कुमार नायक और प्रशांत कुमार रॉय को जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा, खदान के वरिष्ठ अधिकारी ताराशंकर मंडल, आर.पी. मंडल और गोपिबल्लभ कर को संगठन का सलाहकार बनाया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 9 मई को कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रातःकाल ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा, वहीं संध्या समय जवाहरलाल नेहरू रिक्रिएशन सेंटर में स्थानीय कलाकारों द्वारा रवीन्द्र संगीत एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस तैयारी बैठक में सैफुद्दीन लस्कर, सपन विश्वास, ताराशंकर मंडल, शौनभ सिकदार, शिवाशीष पंडा, सुब्रत भट्टाचार्य, अभिलाष कर, दिलीप नायक, शिवाशीष मुखर्जी, संजीव गंगोपाध्याय, निताई चंद्र पाल, सुबीर चंद्र सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।