बोलानी, 29 मई (स्वतंत्र संवाददाता):
राष्ट्रायत्त उपक्रम भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) के विभिन्न यूनिट्स में 40 प्रतिशत ठेका श्रमिकों की संभावित छंटनी तथा लंबे समय से लंबित 39 माह के वेज रिवीजन एरियर के भुगतान को लेकर श्रमिक संगठनों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है।
इसी कड़ी में सेल के अधीन सेंट्रल माइनिंग एंड लॉजिस्टिक ऑर्गनाइजेशन (CMLO) के बोलानी खदान मुख्य फाटक के समक्ष शुक्रवार शाम भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध राउरकेला इस्पात कारखाना कर्मचारी संघ (RIKKS) बोलानी शाखा द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान RIKKS बोलानी शाखा के महासचिव अभिमन्यु सिंह ने कंपनी प्रबंधन के निर्णयों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि 40 प्रतिशत ठेका श्रमिकों की छंटनी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने सेल कर्मचारियों के 39 महीने के लंबित वेज एरियर का तत्काल भुगतान करने की मांग दोहराई।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार और कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रमिकों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में RIKKS श्रमिक संघ, बोलानी शाखा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।