Latest News

डिपार्टमेंटल क्रिकेट टूर्नामेंट : माइंस ब्लू बनी चैंपियन

Feb 10, 2026
Odishakhabar:

बोलानी, 10 फरवरी (स्वतंत्र प्रतिनिधि) - 

राष्ट्रायत्त उपक्रम सेल के अंतर्गत सेंट्रल माइनिंग एंड लॉजिस्टिक (सीएमएलओ) अधीनस्थ बोलानी लौह खदान की खेल एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा स्थानीय फुटबॉल मैदान में सप्ताह भर चली अंतर-विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को उत्साह और उमंग के साथ हो गया।

फाइनल मुकाबला ओपीपी और माइंस ब्लू के बीच खेला गया। टॉस जीतकर माइंस ब्लू ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। ओपीपी की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 111 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए माइंस ब्लू ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 9.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर आसान जीत दर्ज करते हुए चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

पुरस्कार वितरण समारोह में बोलानी खदान के महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) राहुराज मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में महाप्रबंधक (विद्युत) एस. यू. लस्कर, उपमहाप्रबंधक (वित्त) सपन विश्वास, सह महाप्रबंधक (सिविल) संजिव कुमार, सह महाप्रबंधक (मैकेनिकल) एस. आलम, सह महाप्रबंधक (वित्त) निर्मल चंद्र दास, सह महाप्रबंधक (रख-रखाव) ऋषिनाथ बारिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी तथा नगद पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेल एवं सांस्कृतिक समिति के बाह्य खेल सचिव शिबाशिष नंदा, सह सचिव पुत्रमान लामा तथा समिति के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। फाइनल मैच में शंकरषण पंडा और सनवार हुसैन ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि अन्य मैचों का संचालन रंजीत सिंह और राकेश दास ने किया। प्रतियोगिता के दौरान बुना महांति और प्रभाकर सेठी ने कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाली।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में ओपीपी, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, जनरल-बी, माइंस रेड, माइंस ब्लू, लोडिंग प्लांट और जनरल-ए सहित कुल 8 टीमों ने भाग लिया।

Related Post