बोलानी, 28/3 (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – सीमांत खनन क्षेत्र बोलानी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी को बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने शांतिनगर स्थित हनुमान मंदिर, विष्णु मंदिर,जगन्नाथ मंदिर तथा बालागोड़ा के शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोपहर बाद बोलानी रामनवमी कमेटी के तत्वावधान में बालागोड़ा स्थित शिव मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में रामभक्त हाथों में ध्वज और अखाड़ों के प्रदर्शन के साथ इस शोभायात्रा में शामिल हुए। डीजे की धुनों और “जय श्रीराम” के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हनुमान एवं अघोरी नृत्य-नाट्य रहा, जिसने विभिन्न चौक-चौराहों पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं पुरी से आए कलाकारों ने पशु मुखौटे पहनकर अपनी अनोखी कला का प्रदर्शन किया, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
यह शोभायात्रा बालागोड़ा से निकलकर पेट्रोल पंप, बोलानी बाजार, बैंक चौक, विवेकानंद चौक, मस्जिद रोड, बस्ती स्कूल मार्ग, जगन्नाथ मंदिर होते हुए बिरसा मुंडा क्लब के रास्ते शांतिनगर हनुमान मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं की उपस्थिति से वातावरण पूर्णतः राममय हो गया।
स्थानीय विभिन्न संगठनों द्वारा जगह-जगह शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए ठंडे पेय एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। स्थानीय अखाड़ों के कलाकारों ने भी अपने रोमांचक और साहसिक करतबों से लोगों को आकर्षित किया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बोलानी थाना प्रभारी लव बोड़ा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
इस भव्य शोभायात्रा का नेतृत्व कमलापति यादव, महाजन चौधरी, विनय चौधरी, बोलानी राम नवमी कमिटी के सभी सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक एकता और उत्साह का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।