बोलानी, 1 फरवरी (स्वतंत्र प्रतिनिधि) — बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती मामले में बड़बिल पुलिस को फिर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी सिपु कुमार (45) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिहार के पटना जिले के पिपरा गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। यह मामला बड़बिल थाना मामला संख्या 29/26 से जुड़ा हुआ है।
बड़बिल थाना अधिकारी अशोक कुमार नायक से मिली जानकारी के अनुसार, सूचना की आधार पर रविवार की सुबह टांकुरा गांव निकट जंगल क्षेत्र में छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अचानक गोली चला दी और मौके से फरार होने की कोशिश की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत सीएचसी, बडबिल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
मुठभेड़ स्थल से आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिपु कुमार पर ओडिशा, बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में हत्या, सशस्त्र डकैती, लूट और रंगदारी जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और एक वांछित अपराधी के रूप में उसकी तलाश की जा रही थी।
बडबिल पुलिस की तेज कार्रवाई, साहस और पेशेवर रवैये के कारण एक बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।