Latest News

सीमान्त क्षेत्र में विश्व पखाल दिवस धूमधाम से मनाया गया

Mar 20, 2026
Odishakhabar:

बोलानी, 20 मार्च (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – सीमांत खनन क्षेत्र बोलानी में “बोलानी ओड़िया परिवार” के तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय कल्याण मंडप में विश्व पखाल दिवस बड़े उत्साह और पारंपरिक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर बोलानी खान के महाप्रबंधक (प्लांट एवं मैकेनिकल) तथा उत्कल दिवस पालन समिति के अध्यक्ष बुद्धदेव नाएक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में “बसुंधरा” के निदेशक एवं वरिष्ठ नागरिक विवेकानंद नंद शामिल हुए। सम्मानित अतिथियों में महाप्रबंधक (प्लांट) सौमेंद्र पटनायक, सह महाप्रबंधक (विद्युत) अजय कुमार कर, सह महाप्रबंधक (लोडिंग प्लांट) प्रदीप्त कुमार तराई, सह महाप्रबंधक (पीपीक्यूसी) सुनंद परिड़ा, प्रबंधक (खनन) शुकांत नाएक, उप प्रबंधक (एमएम) राजेंद्र नारायण साहू एवं कनिष्ठ प्रबंधक मृत्युंजय स्वाईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री नाएक ने अपने संबोधन में कहा कि पखाल केवल एक व्यंजन नहीं, बल्कि ओड़िया जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने इसके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए एक मधुर गीत भी प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री नंद ने पखाल को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने और ओडिशा के पारंपरिक व्यंजनों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। वहीं श्री तराई ने " मु ओड़िया पुअ भारी स्वाभिमानी" गाना गा कर माहौल को मंत्रमुग्ध किया ।

कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें अधिकांश लोग पारंपरिक ओड़िया वेशभूषा—साड़ी, धोती-कुर्ता एवं कुर्ता-पायजामा पहनकर पहुंचे, जिससे सांस्कृतिक माहौल और भी जीवंत हो उठा।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कांसे के बर्तनों में दही पखाल के साथ ओडिशा के पारंपरिक व्यंजन जैसे साग खरड़ा, विभिन्न प्रकार की मछली भुजिया, बड़ी चूरा, आलू भर्ता, बैंगन भजा, विभिन्न सब्जियों की भुजिया, नमक, मिर्च, खीरा, प्याज और नींबू आदि बड़े ही भव्य तरीके से परोसे गए। सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक पद्धति से जमीन पर बैठकर भोजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रूपक कुमार दास, कुना महांति, श्रीनिवास पंडा, दिलीप नायक एवं शिवाशिष नंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post