बोलानी, 1फरवरी (स्वतंत्र प्रतिनिधि) -
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के प्रयास के गंभीर आरोप में स्थानीय क्षेत्र के एक राजनीतिक व्यक्ति लंबोदर पलाई के खिलाफ बोलानी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के अभिभावक द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक क्रिकेट मैच के दौरान पीड़िता अपने अभिभावकों के साथ वहां मौजूद थी। इसी दौरान रात करीब 9 बजे आरोपी ने बच्ची को रोल खिलाने के बहाने बाजार स्थित अपने होटल में ले गया। इसके बाद होटल के समीप स्थित अपने आवास में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी उसे उसके अभिभावकों के पास छोड़कर वहां से चला गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने अपने घर पहुंचकर पूरी बात अपने अभिभावकों को बताई। इसके बाद रविवार को परिवार के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ बोलानी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच प्रारंभ की, हालांकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
इस घटना को लेकर बोलानी क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने गोपबंधु चौक से एक विरोध रैली निकाली। रैली बाजार क्षेत्र तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का पुतला दहन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की जोरदार मांग की है।