बोलानी, 26 अप्रैल (स्वतंत्र संवाददाता) – केंदुझर जिले की सीमांत खनन क्षेत्र बोलानी स्थित अग्रणी शैक्षणिक संस्थान डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, कौशल तथा टीमवर्क के विकास के उद्देश्य से दो दिवसीय “समर फन फेस्ट-26” का आयोजन शनिवार सायंकाल विद्यालय प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या राजश्री महापात्रा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल तथा डीएवी बोलानी ओड़िया एवं हिंदी माध्यम विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
समापन समारोह में बोलानी महिला समिति की अध्यक्ष उषा मल्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं उपाध्यक्ष मनीषा कुमार, डीएवी बोलानी स्कूल के अध्यक्ष प्रभाकर महान्ति, महिला समिति के सदस्यगण तथा सेल बोलानी खान के अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कला शिक्षक मनोज स्वाईं एवं शिक्षिका आर्ची ऐश्वर्या महान्ति के निर्देशन में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने ग्लास आर्ट, फूलदान निर्माण, तंजौर एवं मधुबनी शैली की उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने आमंत्रित नृत्य शिक्षिका शांति के निर्देशन में गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही आदिवासी परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से पौराणिक कथाओं पर आधारित कठपुतली नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।
शिक्षिका मोनालिसा पाढ़ी एवं शिक्षक ए. रंगा बाबू के मार्गदर्शन में “विविधता में एकता” थीम पर पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक का आयोजन किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा रूढ़िवादी सोच, पौराणिक कथाओं और अंधविश्वासों को दूर करने के संदेश पर आधारित एक सृजनात्मक नाटक का मंचन भी विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिका द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रीति रंजन नंद एवं मोनालिसा पाढ़ी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए योग के महत्व को दर्शाते हुए योग प्रदर्शन किया। साथ ही दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा मनमोहक संगीत प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इस कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।