Latest News

रथ यात्रा से पहले जर्जर सड़क बनी चिंता का कारण, मरम्मत की उठी मांग

Jun 04, 2026
Odishakhabar:

बोलानी, 4 जून (स्वतंत्र प्रतिनिधि):

राष्ट्रायत्त उपक्रम भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) के अंतर्गत संचालित सेंट्रल माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स ऑर्गनाइजेशन (सीएमएलओ) की बोलानी अयस्क खदान के अवासिक क्षेत्र  स्थित शांति नगर कॉलोनी की मुख्य सड़क इन दिनों अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क के बीच स्थित एक कल्वर्ट का मध्य भाग पूरी तरह ध्वस्त हो जाने से यहां आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

यह सड़क हनुमान मंदिर से मौसी मां मंदिर तक जाती है और शांति नगर कॉलोनी को जोड़ने के साथ-साथ शिरडी साईं मंदिर तथा फ्लैट कॉलोनी स्थित जगन्नाथ मंदिर से भी संपर्क स्थापित करती है। इस महत्वपूर्ण मार्ग की खराब हालत से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी की अधिकांश नालियां भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़क के बाईं ओर स्थित मुख्य नाला भी जाम और टूट-फूट की स्थिति में है, जिसके कारण गंदा पानी कल्वर्ट पर जमा हो रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यहां हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क के बीच बने इस क्षतिग्रस्त कल्वर्ट में गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इसी बीच, आगामी एक माह बाद रथ यात्रा का आयोजन होना है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि इस खस्ताहाल सड़क पर रथ का संचालन कैसे संभव होगा।

स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने सेल प्रशासन से मांग की है कि रथ यात्रा से पहले इस सड़क और कल्वर्ट की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जल निकासी के लिए नालियों की भी समुचित मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो सके।

Related Post