Latest News

बोलानी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव संपन्न ।

Mar 28, 2026
Odishakhabar:

बोलानी, 27 मार्च (स्वतंत्र प्रतिनिधि) — जोड़ा ब्लॉक बालागोड़ा पंचायत बोलानी टाउनशिप स्थित  सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में विद्यालय का 29वां वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोलानी खदान के मुख्य महाप्रबंधक मल्ला श्रीनिवासु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (रखरखाव) आनंद कुमार एवं महाप्रबंधक (परियोजना) राहुराज मंडल सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं केन्दुझर जिला विमर्श सदस्य धरनीधर दास व सम्मानित वक्ता के रूप में सह महाप्रबंधक (वित्त) निर्मल चंद्र दास उपस्थित रहे । मुख्य वक्ता श्री दास ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभिन्न गतिविधियों, विशेषकर शिशु मंदिर योजना तथा राष्ट्र निर्माण में अभिभावकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बुद्धदेव नायक की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में समिति के सचिव प्रशांत कुमार दास ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बनमाली महाकुड़ ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले छात्रा छात्रों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वरिष्ठ आचार्य केशव चंद्र पात्र ने मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने भरपूर सराहा। समारोह ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया।

Related Post