Latest News

त्रिवेणी अर्थ मूवर्स के खिलाफ पंचायतवासियों का विरोध प्रदर्शन,रोज़गार और परिवहन में स्थानीयों को प्राथमिकता की मांग ।

Jun 08, 2026
Odishakhabar:

  

जोड़ा,बड़बिल,बोलानी, 8 जून (स्वतंत्र प्रतिनिधि): केंदुझर जिले के जोड़़ा खनन मंडल अंतर्गत बोलानी पंचायत के अधीन लसर्दा–पाचेरि लौह एवं मैंगनीज खदान में स्थानीय लोगों को रोजगार और परिवहन कार्य में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर त्रिवेणी अर्थ मूवर्स कंपनी के खिलाफ पंचायतवासियों का आक्रोश तेज हो गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि दिनांक 04/09/2019 को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कंपनी द्वारा स्थानीय विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई वादे किए गए थे। लेकिन खनन कार्य शुरू होने के बावजूद कंपनी इन वादों को पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, जनसुनवाई में स्पष्ट रूप से स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, परिवहन कार्य में गांव के लोगों को अग्राधिकार करने तथा परिधीय विकास (Peripheral Development) के तहत सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विकास का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, खनन कार्य शुरू होने के बाद भी स्थानीय लोगों तक इन सुविधाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है।

इसी मुद्दे को लेकर बोलानी पंचायत के लसर्दा, कनरदा, धनुर्जयपुर, गदाधरपुर, गोमलई, कोल्होपांडुली, लोटापानी और पाचेरि समेत विभिन्न गांवों के सैकड़ों महिला एवं पुरुष एकजुट होकर एक विशाल रैली के रूप में कंपनी के खदान कैंप तक पहुंचे। वहां उन्होंने कंपनी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जनसुनवाई में किए गए सभी वादों को तत्काल पूरा करने की मांग की।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनी अपने वादों को पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखाती है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र होगा। ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय अधिकारों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को काम देने का कड़ा विरोध किया जाएगा।

ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

इस आंदोलन में बलानी पंचायत के सरपंच मुगा मुंडा, 26 नंबर जोन के जिला परिषद सदस्य शशिकांत खिलार, नायब सरपंच टुनी बारी मुंडा, पूर्व सरपंच पंकज मुंडा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य बिनोद महाकुड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वार्ड सदस्य मौजूद थे।

Related Post