Latest News

गांधी जयंती पर बोलानी से गूंजा नया संकल्प – मुरली मनोहर शर्मा ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से दिखाई नेतृत्व की मिसाल

Oct 02, 2025
Odishakhabar:

बोलानी/ चंपुआ, 2 ऑक्टोबर(स्वतंत्र प्रतिनिधि)

महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बोलानी में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम में स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे लोकप्रिय नेता एवं चंपुआ विधानसभा के  उम्मीदवार मुरली मनोहर शर्मा, जिन्होंने न केवल गांधीजी की विचारधारा को याद किया बल्कि जनता के बीच एक प्रेरक संदेश भी दिया।

श्री शर्मा के बोलानी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने  उनका भव्य स्वागत किया। सबसे पहले वे महात्मा गांधी पार्क पहुँचे, जहाँ उन्होंने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा –

“गांधीजी का जीवन हमें सत्य, अहिंसा और सेवा का मार्ग दिखाता है। आज जब पर्यावरण संकट हमारे सामने है, हमें प्रकृति की रक्षा कर गांधीजी के सपनों का भारत बनाना होगा। प्रत्येक पौधा हमारी माँ समान है, और उसकी रक्षा करना हर नागरिक का पवित्र कर्तव्य है।”

अपने प्रेरक संबोधन के बाद उन्होंने पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। बोलानी आईटीआई से डीएवी स्कूल तक फैले इस अभियान में स्वयं पौधे रोपित किए और रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। शर्मा जी का यह अनूठा कदम लोगों के लिए विशेष प्रेरणा बन गया।

इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनके नेतृत्व में 100 से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल का प्रण लिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह आयोजन मुरली मनोहर शर्मा के बढ़ते जनाधार और लोकप्रियता का संकेत है। वे न केवल भाजपा संगठन के भीतर बल्कि आम जनता में भी एक संवेदनशील, दूरदर्शी और जमीनी नेता के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। पर्यावरण जैसे मुद्दे को गांधी जयंती के साथ जोड़कर उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति की सेवा को समर्पित है।

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे जिनमें कमलापति यादव, महाजन चौधरी, बड़बिल नगर सचिव श्रीनिवास कोनार, पूर्व अध्यक्ष सुनील दास, जोड़ा़ मंडल अध्यक्ष पार्थ सरंगी, राज्य ओबीसी मोर्चा सदस्य चर्चिल महाकुड़, पूर्व जोड़ा अध्यक्ष सुशांत बेबर्त्ता, सचिव अनंत टुडू समेत अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल थे।

गांधी जयंती पर भाजपा का यह कार्यक्रम और उसमें मुरली मनोहर शर्मा की सक्रिय भूमिका यह संदेश देती है कि चंपुआ क्षेत्र में भाजपा का भविष्य मजबूत हाथों में है।

Related Post