Latest News

देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संगम बना बड़बिल का स्वतंत्रता दिवस

Aug 16, 2025
Odishakhabar:

बड़बिल, 16 अगस्त (स्वतंत्र प्रतिनिधि)- 

देशभक्ति की भावना और उत्साह के बीच बड़ा बिल क्षेत्र में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। अग्रणी महिला संगठन आदिशक्ति की ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चंपुआ विधान सभा क्षेत्र के भाजपा नेता डॉ. मुरली मनोहर शर्मा की धर्मपत्नी अनीता शर्मा रहीं। उन्होंने ध्वजारोहण कर महिला संगठन की सदस्याओं को संबोधित किया और कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर डॉ. शर्मा, भाजपा जिला महिला मोर्चा की उपसभानेत्री झरना महंतो और बड़बिल कोर्ट के अधिवक्ता प्रदीप्त ढ़ल सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। महिला संघ की ओर से स्थानीय नागरिकों को मिठाई भी बांटी गई।

भाजपा कार्यालय में भी गूंजा देशभक्ति का जोश

बड़बिल भाजपा कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। चंपुआ विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. मुरली मनोहर शर्मा ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पाल दिलीप मिश्र, झरना महंतो, मोहन कर, सुनील दास, श्रीनिवास कोनार, अनीता भौमिक, ममता राउत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वच्छ भारत और वृक्षारोपण से मिला विशेष संदेश

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वच्छ भारत अभियान और वृक्षारोपण रहा। बड़बिल पौरांचल के 9 नंबर वार्ड विजय नगर स्थित गो सेवा समिति परिसर में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया और 50 से अधिक फलदार पौधे लगाए। खास बात यह रही कि प्रत्येक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई।

भाजपा नेता डॉ. शर्मा ने गो सेवा समिति की कार्यशैली की प्रशंसा की और घायल गौवंश की सेवा में संस्था के योगदान को सराहते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि “आजादी का असली मतलब सिर्फ झंडा फहराना नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का संकल्प लेना है।”

देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम

इस मौके पर पूर्व नगर पाल दिलीप मिश्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का यह उत्सव न सिर्फ देशभक्ति का प्रतीक बना बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देता दिखा।

Related Post