बोलानी, 18 जून – बोलानी क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी महेश चंद्र सिथ का मंगलवार की शाम 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से सम्पूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। श्री सिथ लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत अत्यधिक गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्हें बोलानी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा था। मंगलवार की शाम उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली।
महेश चंद्र सिथ ने बोलानी खदान के प्रोजेक्ट विभाग में कई वर्षों तक निष्ठापूर्वक अधिकारी के रूप में सेवा दी और सेवानिवृत्त हुए। सेवा काल के दौरान और उसके बाद भी वे समाज सेवा में सक्रिय रहे। वह मिस्टभाषी थे और आम लोगों की सहायता में वे हमेशा अग्रणी रहते थे और क्षेत्र में एक समर्पित समाजसेवी के रूप में उनकी पहचान थी।
निधन के समय उनके साथ उनकी पत्नी, दो पुत्र, बहुएं, पुत्री-दामाद और नाती-नातिन मौजूद थे। बुधवार को पुरी स्थित स्वर्गद्वार में पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
उनके अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, स्थानीय नेता, पूर्व सहयोगी एवं अन्य लोग पहुंचे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे बोलानी क्षेत्र में शोक की गहरी छाया छा गई।