बोलानी, 26 नवंबर (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कर्मचारी कल्याण ପमहासंघ परिषद (सेवास्तम्भ), नई दिल्ली पंजीकृत बोलानी शाखा द्वारा 77वां संविधान दिवस श्रद्धा, गौरव और देशभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से मनाया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में अतिथिगण ने सेवास्तम्भ कार्यालय परिसर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर बोलानी खदान के मुख्य महाप्रबन्धक (खदान) श्री मल्ला श्रीनिवासु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सम्मानित अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (रखरखाव) श्री आनंद कुमार तथा बोलानी महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा मल्ला शामिल हुईं।
माल्यार्पण कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, सेवास्तम्भ के महिला एवं पुरुष सदस्य, खदान के पदाधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
द्वितीय चरण में उपस्थित जनसमूह ने ओड़िया, हिन्दी और अंग्रेज़ी—तीनों भाषाओं में संविधान की रक्षा करने एवं उसके आदर्शों का पालन करने का शपथ-पाठ किया।
इसके बाद सेवास्तम्भ बोलानी शाखा के सभापति श्री निशाकर कारुआ की अध्यक्षता में एक औपचारिक सभा आयोजित की गई। सभा में आमंत्रित अतिथियों ने भारतीय संविधान की विशिष्टताओं, उसके महत्व तथा संविधान-निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और दूरदर्शी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पूरे कार्यक्रम का संचालन सेवास्तम्भ सदस्य श्री साहिद अख्तर ने किया। वहीं संगठन के सामान्य संपादक आमर्जीत शर्मा, संपादक नंद पूर्ति, कोषाध्यक्ष श्री शुसांत कुमार नायक सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।