Latest News

बोलानी में तिरंगा शोभायात्रा और विभाजन विभीषिका मौन शोभायात्रा का आयोजन

Aug 14, 2025
Odishakhabar:

बोलानी, 14 अगस्त (स्वतंत्र प्रतिनिधि) – स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बोलानी में देशभक्ति का अद्भुत और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। चंपुआ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता मुरली मनोहर शर्मा के नेतृत्व में तिरंगा शोभायात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन शोभायात्रा का आयोजन गरिमामय एवं प्रभावशाली ढंग से संपन्न हुआ।

तिरंगा शोभायात्रा के दौरान बोलानी क्षेत्र का पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। पेट्रोल पंप से आरंभ हुई यह शोभायात्रा बोलानी बस स्टैंड, रवींद्रनाथ ठाकुर चौक, विवेकानंद चौक होते हुए गोपबंधु चौक तक पहुंची। हाथों में लहराता तिरंगा, मुख से गूंजते देशभक्ति के नारे और  बजते देशभक्ति गीतों ने पूरे मार्ग को देशमय बना दिया। इस यात्रा में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर एकता और देशप्रेम का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

इसके बाद गोपबंधु चौक से बिरसा मुंडा चौक तक विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें देश के विभाजन के समय अपने प्राण गंवाने वाले लाखों निर्दोष नागरिकों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर श्री शर्मा ने बोलानी क्षेत्र में स्थापित विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस शोभायात्रा में बोलानी क्षेत्र के भाजपा नेता महाजन चौधरी, जापानी नाएक, माना माझी, प्रेमचंद तंती, बसंत गिरी, राजेश मुंडा, बिनय चौधरी समेत कई महिला नेत्री भी उपस्थित थीं।

कार्यक्रम ने न केवल बोलानीवासियों के हृदय में देशप्रेम की लौ प्रज्वलित की, बल्कि विभाजन की पीड़ा और राष्ट्र की एकता के महत्व का गहरा संदेश भी दिया।

Related Post